अज्ञात कारणों से गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का डेकोरेशन का सामान जलकर राख।
करमा थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव की घटना, पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से लगाई मुआवजे की गुहार
सोनभद्र। जनपद के करमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैरोपुर में अज्ञात कारणों से लगी आग में लाखों रुपये का डेकोरेशन का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भैरोपुर, पोस्ट कसया निवासी गोविंद सिंह मौर्य पुत्र राजाराम मौर्य 'हर हर महादेव डेकोरेशन' के नाम से शादी-विवाह एवं अन्य शुभ अवसरों पर सजावट का कार्य करते हैं। इसके लिए उन्होंने गोदाम में बड़ी मात्रा में डेकोरेशन का सामान रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 8 बजे अचानक गोदाम में रखे सामान में आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का डेकोरेशन का सामान जलकर नष्ट हो गया। मौके पर अग्नि शमन पहुंची तब जाकर आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक सबकुछ खत्म हो चुका था।
इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से घटना का संज्ञान लेते हुए नुकसान का आकलन कराने तथा उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है, ताकि परिवार को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके।


0 टिप्पणियाँ